भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और हरियाणा के प्रभारी सतीश पूनिया बुधवार को डूंगरपुर में रक्षाबंधन उत्सव में सम्मिलित हुए। उन्हें बड़ी संख्या में महिलाओं ने राखी बांधी। बाद में मीडिया से बातचीत में कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण पूरे देश ने कांग्रेस को नकार दिया है। बिहार चुनाव में गहन मतदाता पुनरीक्षण और कांग्रेस के आरोप संबंधी सवाल में पूनिया ने आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि चुनाव में हारने के बाद कांग्रेस ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगाती है।
बिहार में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में 65 लाख फर्जी मतदाता पाए गए हैं। कांग्रेस के राज में नागालैंड, असम, त्रिपुरा, उत्तर-पूर्व से रोहिंग्या देश में आए। फर्जी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और राशन कार्ड बनवाने के साथ ही मतदाता सूची में भी नाम जुड़वा लिया। अब सच सामने आ गया है। वोट बैंक की राजनीति के कारण ही देश के मतदाताओं ने कांग्रेस को नकार दिया है। कांग्रेस सत्ता और अपनी पहचान बचाने के लिए क्षेत्रीय दलों पर निर्भर है।
हर बात में निराधार आरोप
पूनिया ने कहा कि घुसपैठियों ने मतदाता बनकर राजनीतिक दलों के साथ सौदेबाजी की। संख्यात्मक असंतुलन के साथ ही मूल भारतीयों के हक भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने राहुल गांधी की कांग्रेस ने समय के अनुसार खुद को नहीं बदला है। हर विषय में निराधार आरोप लगाना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
पूरे पांच साल चलेगी भजनलाल सरकार
राज्य सरकार पर कांग्रेस नेताओं के बयान संबंधी सवाल पर पूनिया ने कहा कि राजस्थान की जनता ने भाजपा को बहुमत दिया है। बहुमत वाली भाजपा की सरकार पूरे पांच साल चलेगी। कांग्रेस की पिछली सरकार पांच साल तक रेंग-रेंग कर चली। जैसे-तैसे पांच साल पूरे किए। कांग्रेस सरकार के बीते पांच साल राजस्थान के सबसे खराब रहे। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बदहाल कानून व्यवस्था से आमजन त्रस्त था। कांग्रेस पांच साल आंतरिक कलह से ही जूझती रही।
महिलाओं ने बांधी राखी
शहर के विजया राजे सिंधिया ऑडिटोरियम हॉल में रक्षा सूत्र बंधन उत्सव में पूनिया को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त नन्हीं बालिकाओं, युवतियों ने भी रक्षा सूत्र बांधे। इस दौरान पूर्व मंत्री सुशील कटारा, विधायक शंकर डेचा, जिलाध्यक्ष अशोक पटेल, प्रभु पंड्या, सुदर्शन जैन, दिलीप जैन समेत कई भाजपा नेताओं को भी रक्षासूत्र बांधे गए।