जिले के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के कोटड़ा गांव में आपसी रंजिश में एक दंपती पर किशोर की हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक की दादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना 13 नवंबर की शाम की है। आरोप है कि दंपती घर में घुसा और किशोर को बाहर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई दादी और पोती के साथ भी मारपीट की गई।
घर में खाना खा रहे थे दादी और पोते-पोती
कुशलगढ़ थानाधिकारी प्रवीण सिंह सिसोदिया के अनुसार, थावरी पत्नी हरदार निनामा निवासी कोटड़ा ने कमलेश पिता विरहींग निनामा निवासी टिमेड़ा बड़ा और उसकी पत्नी हका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थावरी ने 14 नवंबर को दी रिपोर्ट में बताया कि घटना 13 नवंबर की शाम करीब सात बजे की है। उस समय वह अपनी पोती मायावती और पोते अक्षय के साथ घर के अंदर खाना खा रही थीं। इसी दौरान दोनों आरोपी कथित तौर पर जबरन उनके घर में घुस आए।
अक्षय को घसीटकर घर के बाहर ले गए
रिपोर्ट के अनुसार, दोनों आरोपी अक्षय को पकड़कर घसीटते हुए घर से बाहर सीसी सड़क पर ले गए। वहां उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। दादी थावरी और पोती मायावती ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
गर्दन मरोड़ने से किशोर की मौत का आरोप
थावरी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मारपीट के बाद दोनों आरोपियों ने अक्षय को पकड़कर उसकी गर्दन मरोड़ दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को देखकर दादी और पोती चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
परिवार के लोगों को देखकर भागे आरोपी
रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार के अन्य सदस्यों को मौके पर आता देखकर दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद मृतक की दादी ने पुलिस को शिकायत दी। कुशलगढ़ थाना पुलिस ने कमलेश और उसकी पत्नी हका के खिलाफ मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस घटना के पीछे बताई जा रही आपसी रंजिश और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।