फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय चुनाव: बांसवाड़ा में कांग्रेस को मिली मजबूती, जैनेंद्र त्रिवेदी और चांदमल जैन फिर लौटे पार्टी में

Tue, 01 Sep 2026 09:48 AM IST
बांसवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा

सार

बांसवाड़ा नगर परिषद के पूर्व सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी और पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष चांदमल जैन ने सोमवार को कांग्रेस में वापसी कर ली। दोनों नेताओं ने जयपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात की, जिसके बाद उन्हें पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
विज्ञापन
जैनेंद्र त्रिवेदी और चांदमल जैन की वापसी से बढ़ी हलचल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगर परिषद बांसवाड़ा के पिछले बोर्ड में सभापति रहे जैनेंद्र त्रिवेदी ने सोमवार को एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया। उनके साथ पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष चांदमल जैन ने भी पार्टी में वापसी की है। दोनों नेताओं ने जयपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात की। इसके बाद डोटासरा ने दोनों को कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। दोनों नेताओं की वापसी को आगामी नगर निकाय चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके कांग्रेस में लौटने से बांसवाड़ा नगर परिषद में पार्टी को मजबूती मिल सकती है।

मालवीय के भाजपा में जाने के बाद छोड़ी थी कांग्रेस

लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व मंत्री महेंद्रजी सिंह मालवीया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद चांदमल जैन, जैनेंद्र त्रिवेदी और नटवर तेली ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से दोनों नेताओं ने किसी भी राजनीतिक दल की सदस्यता नहीं ली थी।

जैनेंद्र त्रिवेदी और चांदमल जैन पूर्व मंत्री महेंद्रजी सिंह मालवीया के काफी करीबी माने जाते रहे हैं। अब दोनों की कांग्रेस में वापसी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारों का मानना है कि दोनों नेताओं के वापस आने से आगामी नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को संगठनात्मक और राजनीतिक स्तर पर फायदा मिल सकता है।

कांग्रेस ने त्रिवेदी को चुनावी जिम्मेदारी भी सौंपी

पार्टी में वापसी के साथ ही पूर्व सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी को नगर निकाय चुनाव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। कांग्रेस के जिला संगठन महासचिव मनीष एन. त्रिवेदी ने बताया कि जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया के निर्देश के अनुसार पूर्व सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी को नगर परिषद बांसवाड़ा के चुनाव के मद्देनजर वार्ड संख्या 1 से 9 तक के संपूर्ण चुनावी कार्य का दायित्व दिया गया है।

त्रिवेदी को संबंधित वार्डों में कांग्रेस की रीति-नीति के अनुसार संगठनात्मक कार्य करने और पार्टी को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में निकाय चुनाव से ठीक पहले उनकी वापसी और जिम्मेदारी को कांग्रेस की चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

लोकसभा प्रत्याशी अरविंद डामोर का निकाय चुनाव में टिकट कटा

इधर, कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे अरविंद डामोर को बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव में टिकट नहीं दिया है। नगर परिषद सभापति का पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण डामोर को टिकट का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाया।

लोकसभा चुनाव के दौरान जिला कांग्रेस ने भारत आदिवासी पार्टी को समर्थन दिया था और राजकुमार रोत सांसद निर्वाचित हुए थे। हालांकि, अरविंद डामोर उस समय स्थानीय पदाधिकारियों की ओर से बीएपी को समर्थन दिए जाने के बावजूद चुनाव मैदान में डटे रहे थे।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें