दक्षिणी राजस्थान के वागड़ की दो नगर परिषदों बांसवाड़ा और डूंगरपुर में बुधवार को मतदान होगा। पहले चरण के मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को प्रशिक्षण के बाद मतदान दल संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं। बांसवाड़ा में 59 और डूंगरपुर में 38 सीटों पर सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा।
बांसवाड़ा में 59 वार्डों के लिए 99 बूथ, 92,602 मतदाता करेंगे मतदान
बांसवाड़ा नगर परिषद में 60 वार्ड हैं। वार्ड 12 में निर्विरोध निर्वाचन के बाद 59 वार्डों के लिए गठित 99 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। बांसवाड़ा के 60 वार्डों में कुल 94,121 मतदाता हैं। वार्ड 12 में निर्विरोध निर्वाचन के कारण मतदान नहीं होगा। इस वार्ड में कुल 1,519 मतदाता थे। ऐसे में अब 92,602 मतदाता वोट डाल सकेंगे, जो 183 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं में 6 ट्रांसजेंडर मतदाता भी शामिल हैं। बांसवाड़ा नगर परिषद में सबसे ज्यादा प्रत्याशी वार्ड नंबर 41 में हैं। यहां 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, 23 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। वार्ड 24 में 2,807 और वार्ड 18 में 601 मतदाता हैं।
प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों ने संभाला मोर्चा
दोनों जिलों में प्रथम चरण के मतदान के लिए मतदान दलों को जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव और देशलदान की मौजूदगी में सूचना केंद्र एवं श्री भोगीलाल पंड्या कॉलेज मैदान में प्रशिक्षण दिया गया। प्रत्येक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी सहित चार मतदान कार्मिक हैं। प्रशिक्षण के बाद सभी दलों को चुनाव सामग्री दी गई और मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। अपराह्न बाद साढ़े तीन बजे तक सभी कार्मिक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गए थे। मतदान दलों के पहुंचने के बाद केंद्रों पर मतदान से संबंधित अंतिम तैयारियां पूरी कर ली गईं।
650 जवानों के भरोसे सुरक्षा, 25 बूथ संवेदनशील
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए बांसवाड़ा में 650 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षाकर्मी भी मतदान दलों के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए हैं। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि 99 मतदान बूथों में से 25 संवेदनशील बूथ हैं, जहां 5-5 अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अलावा 11 मोबाइल पार्टियां, 6 सुपरवाइजर अधिकारी और रिजर्व पुलिस बल लगातार निगरानी रखेंगे। डूंगरपुर के 30 वार्डों में 350 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें से 5 क्रिटिकल मतदान केंद्र हैं, जहां सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
दूसरे चरण में तीन निकायों में 11 सितंबर को वोटिंग
निकाय चुनाव के दूसरे चरण में तीन निकायों में 11 सितंबर को मतदान होगा। बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ के 20 और परतापुर-गढ़ी के 25 वार्डों तथा सागवाड़ा के 35 वार्डों में शुक्रवार को मतदान होगा। तीनों निकायों में बुधवार शाम 5 बजे प्रचार अभियान थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क और अन्य निर्धारित माध्यमों से समर्थन जुटाने में जुटेंगे।
यह भी पढ़ें:
अमायरा मौत केस में फिर गरमाया माहौल, CJP ने ढीली धाराओं और जमानत पर उठाए सवाल, सख्त कार्रवाई की मांग
वागड़ की बांसवाड़ा और डूंगरपुर नगर परिषदों में बुधवार को प्रथम चरण का मतदान होगा। बांसवाड़ा में 59 वार्डों के 99 बूथों पर 92,602 मतदाता वोट डालेंगे, जबकि डूंगरपुर में 38 सीटों पर मतदान होगा। सुरक्षा के लिए दोनों जिलों में 1,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।