वरदा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिली अज्ञात महिला के सड़े-गले शव की पहचान निशा के रूप में होने के बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया है। निशा की हत्या उसके प्रेमी पूनमचंद कटारा ने की थी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को सड़क किनारे खाई में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और बैग बरामद किए हैं।
सड़क किनारे गड्ढे में मिली थी 10-15 दिन पुराना शव
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को नाल निवासी कांतिलाल ने सूचना दी कि दोपहर करीब 3 बजे मोटरसाइकिल से जाते समय सड़क किनारे गड्ढे में सड़ी-गली शव दिखाई दी। शव करीब 10 से 15 दिन पुरानी होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतका की पहचान के लिए सोशल मीडिया और मुखबिर तंत्र की भी मदद ली गई।
चप्पल और कपड़ों से हुई मृतका की पहचान
तकनीकी जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को शव निशा कटारा, निवासी घाटा वासी, थाना दोवड़ा का होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों को घटनास्थल पर बुलाया गया। चप्पल और कपड़ों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान निशा के रूप में की। निशा सागवाड़ा के एक नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और दो सहेलियों के साथ किराए के कमरे में रहती थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि 19 सितंबर को पूनमचंद उसे अपने साथ ले गया था।
उदयपुर से अहमदाबाद तक आरोपी की तलाश
मामले की जांच के लिए जिला विशेष टीम, साइबर सेल और सागवाड़ा थाना पुलिस की टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूनमचंद की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने उदयपुर, माउंट आबू, अंबाजी और अहमदाबाद में भी उसकी तलाश की।
झील में फेंका था चाकू और कपड़े
पुलिस उप अधीक्षक हेरंब जोशी के मुताबिक, पूछताछ में पूनमचंद ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल चाकू, खून से सने कपड़े और बैग को गैपसागर झील में फेंक दिया था। सिविल डिफेंस टीम की मदद से तलाशी अभियान चलाकर पुलिस ने कथित तौर पर ये सामान बरामद किए। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बातचीत बंद करने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि निशा द्वारा बातचीत बंद करने या संबंध समाप्त करने की बात कहने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपी निशा को एकांत स्थान पर ले गया और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।