राजस्थान में मानसून के सक्रिय होते ही दक्षिणी जिलों में बारिश का दौर तेज हो गया है। गुजरात और मध्य प्रदेश की सीमा से सटे बांसवाड़ा जिले में शुक्रवार सुबह तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। वहीं, डूंगरपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम झुलस गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक घंटे तक हुई तेज बारिश, किसानों के चेहरे खिले
बांसवाड़ा में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे तेज बारिश शुरू हुई, जो लगभग एक घंटे तक जारी रही। इसके बाद रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। गुरुवार को जिले में मानसून की औपचारिक दस्तक के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई थी, जबकि जिला मुख्यालय पर रात के समय बूंदाबांदी दर्ज की गई।
शुक्रवार सुबह घने बादलों और गरज के साथ हुई बारिश से किसानों और आम लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया और निचले इलाकों की नालियां उफान पर आ गईं। बारिश के कारण मौसम भी काफी सुहावना हो गया।
सज्जनगढ़ में सबसे ज्यादा 35 मिमी बारिश
राजस्व एवं जल संसाधन विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में जिले के सज्जनगढ़ में सबसे अधिक 35 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा-
- सल्लोपाट – 30 मिमी
- लोहारिया – 27 मिमी
- गढ़ी – 18 मिमी
- माही डैम – 14 मिमी
- अरथूना – 13 मिमी
- भूंगड़ा – 10 मिमी
- दानपुर – 7 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
ये भी पढ़ें- राजस्थान में मानसून की एंट्री: इन संभागों में भारी बारिश की चेतावनी; बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम
डूंगरपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चे झुलसे
उधर, डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र की भचड़िया ग्राम पंचायत के मांडवा गांव में गुरुवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो चचेरे भाई झुलस गए। जानकारी के अनुसार, हल्की बारिश के दौरान घर के आंगन में खेल रहे 12 वर्षीय राजदीप डामोर और 8 वर्षीय हर्षित डामोर बिजली की चपेट में आ गए।
परिजन दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने राजदीप की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गुजरात के मोडासा रेफर कर दिया, जबकि हर्षित का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है।