फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माही नदी नाव हादसे में बढ़ी चिंता: 24 घंटे बाद भी मासूम और युवक लापता, तेज बहाव से रेस्क्यू में हो रही बाधा

Wed, 06 May 2026 08:54 PM IST
बांसवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क,अमर उजाला, बांसवाड़ा

सार

Banswara News: बांसवाड़ा की माही नदी में नाव पलटने से लापता मासूम और युवक का 24 घंटे बाद भी पता नहीं चला है। तेज बहाव से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। प्रशासन, पुलिस और गोताखोर लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं।
विज्ञापन
नदी में लापता हुए बच्चे मानव और युवक जयेश की तलाश जारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांसवाड़ा जिले के अरथूना क्षेत्र में संगमेश्वर माही नदी में नाव पलटने के हादसे के बाद लापता हुए मासूम और युवक का 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई सुराग नहीं लग पाया है। प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण तलाश में कठिनाइयां सामने आ रही हैं। मौके पर परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है, जो अपनों के मिलने की उम्मीद में इंतजार कर रहे हैं।

विज्ञापन

 
दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा
मंगलवार दोपहर भैंसाऊ गांव के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब संगमेश्वर महादेव के दर्शन कर लौट रहे लोगों से भरी नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे के बाद नाविक सहित 9 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन भानों का पारड़ा निवासी जयेश (21) और चंदूजी का गढ़ा निवासी 8 वर्षीय मानव गहरे पानी में डूब गए।
 
परिवार में मचा कोहराम, उम्मीदें कायम
मासूम मानव अपने मामा लालशंकर के साथ दर्शन करने आया था। हादसे के बाद से ही परिवार में शोक और चिंता का माहौल है। परिजन नदी किनारे डटे हुए हैं और हर गुजरते पल के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है, लेकिन वे अब भी किसी सकारात्मक खबर की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
विज्ञापन



 
रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रहीं दिक्कतें
घटना के तुरंत बाद सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया था, लेकिन अंधेरा होने के कारण इसे रोकना पड़ा। बुधवार सुबह एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। दिनभर पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश जारी रही, लेकिन देर शाम तक भी कोई सफलता नहीं मिल सकी। गढ़ी पुलिस उपाधीक्षक बाबूलाल रेगर के नेतृत्व में टीम मौके पर तैनात है। प्रशासन का कहना है कि जब तक दोनों का पता नहीं चलता, अभियान जारी रहेगा।

पढ़ें- देख कुएं में कितना पानी... और दे दिया धक्का: सिंचाई का बहाना बनाकर पत्नी को खेत ले गया था पति, घिनौनी करतूत की वजह क्या?
विज्ञापन

 
हादसे के कारणों पर उठे सवाल
ग्रामीण लोकेश तीरगर के अनुसार नाव बीच नदी में अचानक असंतुलित हो गई, जिससे उसमें पानी भरने लगा और कुछ ही पलों में नाव पलट गई। जो लोग तैरना जानते थे, वे बाहर निकल आए, लेकिन मासूम और युवक को बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद नाव चालक के मौके से फरार होने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे उसकी भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, नदी किनारे मौजूद लोगों द्वारा तत्काल मदद नहीं मिलने की बात भी सामने आई है।
 
जांच और राहत प्रयास जारी
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और लापता दोनों लोगों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च अभियान चला रही हैं, ताकि जल्द से जल्द कोई सुराग मिल सके।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें