युवक की हत्या के बाद सीमलवाड़ा सीएचसी पहुंचे ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
बांसवाड़ा में जमीन विवाद में 70 साल के बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, वहीं डूंगरपुर में एक युवक की पीट-पीट कर जान ले ली। दोनों मामलों में कुल 12 जनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं।
बांसवाड़ा के आंबापुरा थाना क्षेत्र के अम्बापाड़ा गांव में जमीन विवाद में एक युवक कमलेश ने अपनी बहन के ससुर नरेंद्र की चाकू वार से हत्या कर दी। आंबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह ने बताया कि आरोपी कमलेश की बहन की शादी नरेंद्र के बेटे के साथ हुई थी। दोनों पक्षों के बीच कुछ समय से जमीन विवाद था। रात को शराब के नशे में कमलेश ने नरेंद्र कुमार पर चाकू से पेट में वार कर दिए। परिजन पहले बदरेल सीएचसी और बाद में शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल लाए, जहां उपचार के दौरान नरेंद्र की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतक के बेटे बंसीलाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने कमलेश समेत 8 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।
पढ़ें- IRS अफसर की बेटी की दरिंदगी से हत्या: एक रात पहले अलवर में भी किया दुष्कर्म, आरोपी नौकर दिल्ली में गिरफ्तार
चार युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
इधर, डूंगरपुर के धम्बोला थाना क्षेत्र के रखोडिया गांव में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मामले में चार युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। धम्बोला थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि रखोडिया रास्तापाल निवासी इंदिरा रोत (36) ने रिपोर्ट में बताया कि सोमवार को वह गडा वाटेश्वर गांव में मेहमान गई थी। पति कान्ति रोत (40) घर पर ही थे। शाम करीब 8 बजे वापस लौटीं, तो भतीजे तेजपाल ने बताया कि रखोडिया प्राथमिक स्कूल के पास गांव के ही कुछ लोगों ने कान्ति रोत के साथ मारपीट की।
रिपोर्ट में आरोप है कि कान्ति पुत्र शिवा भगोरा निवासी मानातलाई और उसके साथी अशोक पुत्र रमेश रोत, सुरेश पुत्र मोहन रोत तथा भरत पुत्र मोहन रोत ने मिलकर उनके पति को बुरी तरह पीटा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पूछताछ के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।