देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और युवाओं के भविष्य की रक्षा की मांग उठाई गई।
बांसवाड़ा में पुतला दहन, परीक्षा प्रणाली पर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बांसवाड़ा जिला कांग्रेस, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट, यूजीसी-नेट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे कथित पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों की शिक्षा के लिए वर्षों तक मेहनत और आर्थिक संघर्ष करते हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं उनकी उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाती हैं। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने युवाओं पर कथित पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान पठान ने बताया कि प्रदर्शन में अमजद हुसैन, नवाब फौजदार, रूपेश जैन, रितेश नानी, अरविंद डामोर, मिलन चाहिल, चंदा डामोर, पार्थ त्रिवेदी, आसिफ मुस्तफा, अजय मईडा, भारत दोसी, भरत यादव, तुफैल अहमद सिंधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डूंगरपुर में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, पीएम का पुतला फूंका
उधर, डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोगरा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों की वर्षों की मेहनत प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सागवाड़ा में रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ता
सागवाड़ा में एआईसीसी सदस्य दिनेश खोड़निया के नेतृत्व में कांग्रेस और युवा कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। रैली के बाद कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया। सभा को संबोधित करते हुए दिनेश खोड़निया ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रही कथित पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।
पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही पेपर लीक और अनियमितताओं के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।