नेपाल में बाढ़ के बीच बांसवाड़ा प्रशासन की निगरानी बढ़ी
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल-तिब्बत सीमा पर बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में लोग लापता हैं। इनमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इसे देखते हुए बांसवाड़ा जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बरतते हुए जिले से नेपाल गए लोगों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि जिले के सभी उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग से मिले आदेश के बाद यह जानकारी जुटाई जा रही है। आम नागरिक भी नेपाल गए अपने परिजनों या परिचितों से संबंधित सूचना जिला प्रशासन के टेलीफोन नंबर 02962-248420 पर दे सकते हैं।
कंट्रोल रूम पर मांगी जानकारी
जिला कलेक्टर ने बांसवाड़ा, गढ़ी, घाटोल, बागीदौरा, आनंदपुरी, कुशलगढ़ और सज्जनगढ़ सहित सभी उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों को जिले से नेपाल घूमने या तीर्थ यात्रा पर गए लोगों की जानकारी जुटाने को कहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नेपाल गए किसी भी व्यक्ति या तीर्थ यात्री की जानकारी जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने के साथ उसकी हार्ड कॉपी भी भेजी जाए।
पढ़ें: प
किस्तान सीमा वाले जिलों में महिलाएं बन रही 'ड्रग डॉन'; 86 पर कसा जा चुका है शिकंजा
नेपाल जाने वालों की संख्या अधिक
बांसवाड़ा और डूंगरपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पर्यटन और भगवान पशुपतिनाथ सहित अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए नेपाल जाते हैं। ऐसे में प्रशासन इन दिनों जिले से नेपाल गए लोगों की जानकारी जुटा रहा है, ताकि आवश्यक सूचना राज्य सरकार को भेजी जा सके।
नेपाल में बुधवार सुबह आई बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में शव बरामद किए जाने की सूचना है। करीब 1,500 लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में नेपाल के नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें भारतीय नागरिक भी बताए जा रहे हैं