फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांसवाड़ा: चुनाव में तस्वीर साफ, 59 वार्डों में 185 उम्मीदवार मैदान में; कहीं सीधा तो कहीं बहुकोणीय मुकाबला

Fri, 04 Sep 2026 11:17 AM IST
बांसवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा

सार

बांसवाड़ा जिले के तीन निकायों में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। बांसवाड़ा नगर परिषद के 59 वार्डों में 185 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 23 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होगा, जबकि 19 वार्डों में त्रिकोणीय, 9 में चतुष्कोणीय और 5 वार्डों में पंचकोणीय मुकाबला है।
विज्ञापन
बांसवाड़ा में निकाय चुनाव की तस्वीर साफ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगर निकाय चुनाव के तहत नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही बांसवाड़ा जिले के तीन निकायों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। गुरुवार को नाम वापसी की अंतिम तारीख के बाद बांसवाड़ा नगर परिषद के 59 वार्डों में अब 185 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं। वहीं कुशलगढ़ नगरपालिका के 20 वार्डों में 49 और परतापुर-गढ़ी नगरपालिका के 25 वार्डों में 112 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है और वार्डों में राजनीतिक दलों के चुनावी कार्यालय भी खुलने शुरू हो गए हैं।

बांसवाड़ा में 27 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिया

बांसवाड़ा नगर परिषद के लिए 9 सितंबर को चुनाव होना है। नाम वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को वार्ड नंबर 12 से कांग्रेस प्रत्याशी समेत कुल 27 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इससे पहले बुधवार को भारत आदिवासी पार्टी (बाप) के एक प्रत्याशी सहित अन्य उम्मीदवारों ने भी नाम वापस लिया था। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नगर परिषद के सभी 59 वार्डों में चुनाव होगा।

23 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला

नाम वापसी के बाद बांसवाड़ा नगर परिषद के 23 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं 19 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला होगा, जबकि 9 वार्डों में चार प्रत्याशियों के बीच चुनावी टक्कर रहेगी। इसके अलावा 5 वार्डों में पंचकोणीय मुकाबला होगा। दो वार्डों में 6-6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं वार्ड नंबर 41 में सबसे ज्यादा 9 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। ऐसे में इस वार्ड को लेकर चुनावी तस्वीर सबसे ज्यादा दिलचस्प मानी जा रही है।

भाजपा-कांग्रेस के 59-59 प्रत्याशी मैदान में

बांसवाड़ा नगर परिषद के 59 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने 59 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। भारत आदिवासी पार्टी के 19 वार्डों में प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के 4 वार्डों में उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अलावा 44 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं।

कुशलगढ़ और परतापुर-गढ़ी में भी मुकाबला तय

जिले की कुशलगढ़ नगरपालिका में 20 वार्ड हैं, जहां नाम वापसी के बाद कुल 49 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। वहीं परतापुर-गढ़ी नगरपालिका के 25 वार्डों में 112 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं। नाम वापसी के बाद अब सभी प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार और जनसंपर्क पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वार्ड स्तर पर मतदाताओं से संपर्क का सिलसिला तेज हो गया है। साथ ही राजनीतिक दलों की ओर से अलग-अलग वार्डों में चुनावी कार्यालय खोले जाने का काम भी शुरू हो गया है। अब प्रत्याशियों का पूरा फोकस मतदाताओं को अपने पक्ष में करने और चुनावी समीकरण मजबूत करने पर है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें