डंपर की टक्कर के बाद मौके पर भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बालोतरा जिले के बायतु क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे बिना नंबर के डंपर ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मलवा की दिशा से आ रहा डंपर अत्यधिक तेज गति में था और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। उसी दौरान सड़क किनारे अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े जयेश पुत्र हीराराम प्रजापत और जेठाराम पुत्र मूलाराम प्रजापत उसकी चपेट में आ गए। दोनों युवक दूध लेने के लिए निकले थे और कुछ समय के लिए सड़क किनारे रुके हुए थे, तभी यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए निजी वाहन की मदद से दोनों घायलों को गिड़ा अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन जेठाराम की हालत बेहद नाजुक थी। सिर, चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटों के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पढ़ें- Crime: दिनदहाड़े घर में घुसे बदमाश, फिर महिला को बंधक बनाकर लूट लिए लाखों के जेवर और नकदी; जैसलमेर में अलर्ट
वहीं, दूसरे घायल जयेश की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं और शरीर पर कई जगह गहरी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बालोतरा रेफर कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी डंपर चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।