बालोतरा जिले में एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। समदड़ी थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में एक युवक का पहले अपहरण किया गया, फिर बेरहमी से पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को पाली जिले के एक सुनसान कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, मृतक बचिया उर्फ सुरेश (निवासी बामसीन, थाना समदड़ी) सिवाना क्षेत्र में मजदूरी करता था। 15 अप्रैल 2026 को वीर बापजी मंदिर के पास उसका ईश्वर भील नामक युवक से विवाद हो गया था। इसी विवाद ने आगे चलकर गहरी रंजिश का रूप ले लिया। आरोप है कि इस झगड़े के बाद आरोपी पक्ष लगातार सुरेश की तलाश में था और मौका मिलते ही बदला लेने की योजना बना रहा था।
23 अप्रैल की शाम को देवड़ा क्षेत्र स्थित सेवाला नाडा रेलवे फाटक के पास आरोपियों ने सुरेश को रोक लिया। पहले उसके साथ जमकर मारपीट की गई और फिर जबरन उसे अपने साथ ले जाया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उसे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को बाइक और एक ईको वैन के जरिए कई किलोमीटर दूर पाली जिले के जेतपुर थाना क्षेत्र के राणा गांव ले जाया गया। वहां एक सुनसान जगह पर बने कुएं में शव फेंक दिया गया, ताकि घटना का कोई सुराग न मिल सके।
लापता होने के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुरेश के 23 अप्रैल के बाद घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच लगातार चिंता और मानसिक तनाव के चलते उसके बड़े भाई ने 27 अप्रैल को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में दो बेटों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
2 मई को मामले की सूचना मिलने के बाद समदड़ी और जेतपुर पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृताधिकारी के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल और एमओबी टीमों ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
पढ़ें- Kota News: पति करता था मारपीट, पत्नी ने साथियों संग मिलकर कर दी हत्या; पुलिस ने तीनों को किया गिरफ्तार
लगातार दबिश, तकनीकी सहायता और मजबूत आसूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पाली जिले के राणा क्षेत्र के कुएं से शव बरामद किया गया।
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपी किशनाराम, गणपतराम, टीकमाराम, जगदीश और हिंगाराम को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बालोतरा जिले के सिवाना थाना क्षेत्र के खाखरलाई और आसपास के गांवों के निवासी हैं।
शव को समदड़ी उप जिला अस्पताल लाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है और जांच अभी भी प्रगति पर है। इस दोहरे हादसे हत्या और आत्महत्या ने न सिर्फ पीड़ित परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है।