सड़क हादसे के बाद भीड़ ने चालक को पीटा
पचपदरा थाना क्षेत्र के बालोतरा रोड पर सोमवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि एक कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए दो अलग-अलग बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सफाई निरीक्षक नाथाराम कार चला रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार काफी तेज गति में थी और चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। पहले उसने सामने से आ रही एक बाइक को टक्कर मारी। इससे बाइक पर सवार युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। घबराए लोग उसकी मदद के लिए दौड़े ही थे कि कार ने आगे बढ़ते हुए कुछ ही दूरी पर दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी और दूसरी बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगा। दोनों घायलों को वहां मौजूद लोगों ने तुरंत संभाला और स्थानीय वाहनों की मदद से बालोतरा स्थित जिला नाहटा अस्पताल भेजा।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: प्रिंटिंग फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मशीनरी और कपड़े के थान जलकर राख; लाखों रुपये का नुकसान
घटना के तुरंत बाद भीड़ में आक्रोश फैल गया। लोगों ने कार को रोक लिया और कथित रूप से लापरवाही बरतने वाले चालक नाथाराम को काबू में कर लिया। गुस्साई भीड़ ने उसे एक पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने भीड़ को समझाने की कोशिश की लेकिन रोष इतना अधिक था कि कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं था।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पचपदरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू करने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ के बीच से आरोपी नाथाराम को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने ले गई, जहां उससे दुर्घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।