गुजरात एटीएस और राजस्थान पुलिस की संयुक्त टीम ने पचपदरा तहसील से गुजर रही एचपीसीएल रिफाइनरी की मुख्य क्रूड ऑयल पाइप लाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बालोतरा के कालूड़ी गांव में बंजर जमीन के नीचे से गुजर रही एचपीसीएल की क्रूड ऑयल पाइप लाइन में गहरा गड्ढा खोदकर अवैध रूप से वॉल्व लगा दिया था। इसके जरिए आरोपियों ने एक सप्ताह के भीतर 10-10 टन के दो टैंकर यानी कुल 20 टन क्रूड ऑयल चोरी किया और उसे बाजार में बेच दिया।
गुजरात एटीएस को सूचना मिली थी कि गुजरात और राजस्थान के कुछ लोग बालोतरा में एचपीसीएल की पाइप लाइन से क्रूड ऑयल चोरी कर रहे हैं। चोरी किए गए तेल को अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर बेचने की योजना की जानकारी भी सामने आई थी। सूचना की पुष्टि के बाद एटीएस टीम ने अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर कुवाडवा के पास सोखड़ा गांव जाने वाले रास्ते पर दबिश दी। यहां टीम ने जयसिंह चुडास्मा को पकड़ा और उसके कब्जे से चोरी का क्रूड ऑयल बरामद किया। पूछताछ में जयसिंह ने बताया कि वह यह क्रूड ऑयल बालोतरा के कालूड़ी गांव से लेकर आया था। इसके बाद गुजरात एटीएस ने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर बालोतरा के टापरा गांव के पास एक ढाबे पर कार्रवाई की और गिरोह में शामिल सात अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया।
ये भी पढ़ें: चुनाव से पहले राजस्थान पुलिस में बड़ा बदलाव: 123 आरपीएस अधिकारी बदले, 48 ट्रेनी को मिली पहली पोस्टिंग
छह महीने की रेकी के बाद लगाया वॉल्व
पूछताछ में आरोपियों ने कालूड़ी में गड्ढा खोदकर पाइप लाइन में अवैध वॉल्व लगाने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार गिरोह करीब छह महीने से पाइप लाइन की रेकी कर रहा था। पाइप लाइन से क्रूड ऑयल चोरी की घटना का पता 10 अगस्त की रात चला, जबकि चोरी 9 अगस्त को की गई थी। इसके बाद रिफाइनरी के सुरक्षा सुपरवाइजर श्रवण कुमार जाट की शिकायत पर जसोल थाने में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी घनश्याम सोनी पाइप लाइन का जायजा लेने के लिए मेहसाणा से आया था और जालौर के जसवंतपुरा निवासी मुकेश मेघवाल के घर ठहरा था। इसके बाद गिरोह के पांच अन्य सदस्य करीब एक महीने तक टापरा गांव के पास एक ढाबे पर रहकर वारदात की साजिश को अंजाम देते रहे।
8 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात के मेहसाणा जिले के नागलपुर निवासी घनश्याम सोनी, चालासण निवासी रमेश ठाकोर और महेश ठाकोर, जोटाणा निवासी सुरेजी ठाकोर, राजकोट के धोराजी निवासी जयसिंह चुडास्मा, गांधीनगर जिले के कालोल निवासी रणजीत चोरसिया, उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के आसपुर निवासी दिलीप यादव और जालौर जिले के जसवंतपुरा निवासी मुकेश कुमार मेघवाल शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक सप्ताह के भीतर चोरी किया गया 20 टन क्रूड ऑयल ब्यावर निवासी गोविंद सिंह चौहान को बेचा था।
पुलिस और गुजरात एटीएस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि पाइप लाइन से तेल चोरी करने की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी किए गए क्रूड ऑयल की सप्लाई और बिक्री का नेटवर्क कितना बड़ा है।