जरीकेन में खुलेआम बेचा जा रहा पेट्रोल
- फोटो : अमर उजाला
ईरान-इस्राइल युद्ध के बाद देशभर में गैस की संभावित किल्लत को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। ऐसे में कई जगहों पर लोग अतिरिक्त ईंधन जमा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच अजमेर में कुछ पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा नियमों की खुलेआम अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है।
जिला रसद अधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी पेट्रोल पंप पर बोतल, जरीकेन या अन्य असुरक्षित पात्रों में पेट्रोल नहीं दिया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या कालाबाजारी की स्थिति पैदा न हो। इसके बावजूद शहर के कुछ पेट्रोल पंप इन निर्देशों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं।
शहर के पटेल मैदान के सामने स्थित बजरंग सर्विस स्टेशन पर खुलेआम जरीकेन में पेट्रोल बेचे जाने की जानकारी सामने आई है। यहां कई लोग अपने साथ जरीकेन लेकर पहुंच रहे हैं और उन्हें आसानी से पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद खतरनाक मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें: LPG Crisis: अवैध गैस रिफिलिंग पर प्रशासन की सख्ती, रसद विभाग ने सवीना में छापेमारी कर 6 सिलिंडर जब्त किए
विशेषज्ञों का कहना है कि प्लास्टिक की बोतलों में पेट्रोल भरकर ले जाना आग लगने जैसी दुर्घटनाओं को न्योता दे सकता है। ऐसे में प्रशासन द्वारा जारी नियमों का पालन करना अनिवार्य है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि नियमों की अवहेलना करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों पर लगाम लग सके और भविष्य में किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच करता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर क्या कार्रवाई करता है।