Rajasthan News: अजमेर में लगातार बारिश के दौरान पड़ाव स्थित आर्य पुत्री उच्च माध्यमिक विद्यालय की दीवार ढह गई। इसके मलबे में पांच कारें दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के समय स्कूल खुलने वाला था, लेकिन किसी के घायल नहीं होने से बड़ी जनहानि टल गई।
शहर में शनिवार सुबह हुई बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया। लगातार बारिश के चलते पड़ाव स्थित आर्य पुत्री उच्च माध्यमिक विद्यालय की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के पास खड़ी करीब पांच लग्जरी कारें मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि दीवार गिरने के दौरान किसी व्यक्ति को चोट नहीं लगी और कोई जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन
दीवार गिरते ही मची अफरातफरी
दीवार गिरने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और मलबे में दबी कारों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। लगातार बारिश के बीच दीवार गिरने से आसपास के क्षेत्र में भी चिंता का माहौल बन गया।
'होटल संचालकों को पहले भी किया था आगाह'
आर्य पुत्री उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने बताया कि स्कूल के आसपास संचालित होटल संचालकों को कई बार स्कूल के बाहर वाहन खड़े नहीं करने के लिए समझाया गया था। इसके बावजूद होटल संचालकों की ओर से स्कूल के बाहर गाड़ियां पार्क करवाई जाती थीं।
विज्ञापन
प्रधानाचार्य ने बताया कि वह सुबह जब स्कूल पहुंचीं, उस समय छोटे बच्चे भी स्कूल में प्रवेश कर रहे थे। दीवार गिरने की घटना देखने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बच्चों को वापस घर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद शिक्षक दिवस पर स्कूल में आयोजित होने वाला कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है।
मालिकों ने होटल संचालकों पर लगाया आरोप
हादसे में दीवार के नीचे खड़ी पांच कारें मलबे में दब गईं और क्षतिग्रस्त हो गईं। कार मालिकों का कहना है कि होटल संचालकों के कहने पर उन्होंने अपनी गाड़ियां वहां पार्क की थीं। अचानक दीवार गिरने से उनकी कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
बच्चों के स्कूल पहुंचने के वक्त गिरती दीवार
सबसे राहत की बात यह रही कि जिस समय दीवार गिरी, उस दौरान कोई व्यक्ति उसके नीचे नहीं था। स्कूल में बच्चों के पहुंचने का समय होने के बावजूद किसी बच्चे, शिक्षक या अन्य व्यक्ति के घायल नहीं होने से बड़ी जनहानि टल गई।
बारिश ने खोल दी व्यवस्था की पोल
लगातार बारिश के बीच स्कूल की दीवार गिरने की घटना ने जर्जर दीवारों और स्कूल के आसपास वाहनों की पार्किंग को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।