जहाजपुर के लुहारी खुर्द गांव में झगड़े और कई लोगों के घायल होने की सूचना पर करीब आधा दर्जन 108 एंबुलेंस और पुलिस पहुंची। मौके पर कोई घायल नहीं मिला। तीन घंटे तक एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित रहीं। मामले का वीडियो वायरल हुआ।
केकड़ी के समीपवर्ती जहाजपुर (भीलवाड़ा) तहसील के हनुमान नगर थाना क्षेत्र के लुहारी खुर्द गांव में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति की सूचना पर पंडेर, जहाजपुर, सावर, नासिरदा और देवली सहित अलग-अलग स्थानों से करीब आधा दर्जन 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। सूचना देने वाले व्यक्ति ने गांव में झगड़े के दौरान महिला-बच्चों सहित 10-15 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही थी। यहां तक कि एक-दो लोगों की मौत होने की सूचना भी दी गई थी।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग स्थानों से एंबुलेंस रवाना की गईं। साथ ही हनुमान नगर थाना पुलिस की 112 गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि, मौके पर न तो कोई झगड़ा होता मिला और न ही कोई घायल व्यक्ति।
देवली एंबुलेंस के ईएमटी विजय कुमार मीणा और पायलट जब्बार भी मौके पर पहुंचे। उनके अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि सोजीराम के पैर में पिछली रात मोच या हल्की चोट आई थी। बताया गया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह नशे में भी था। हालांकि, इन बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी।
बताया गया कि इस दौरान संबंधित व्यक्ति ने अन्य स्थानों की एंबुलेंस बुलाने का भी प्रयास किया, लेकिन कर्मचारियों की ओर से वास्तविक स्थिति की जानकारी दिए जाने के बाद मामला स्पष्ट हो गया। एक छोटी-सी परेशानी के बीच इतने बड़े स्तर पर एंबुलेंस और पुलिस संसाधनों के जुटने से गांव में काफी देर तक भीड़ लगी रही। इस घटना ने आपातकालीन सेवाओं के दुरुपयोग को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए।
ग्रामीणों के कहने पर बाद में संबंधित व्यक्ति को उपचार के लिए देवली अस्पताल लाया गया। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। फिलहाल इस मामले में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।