अजमेर संभाग का सबसे बड़ा जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय की हालत पस्त है। यहां पर बढ़ती मरीजों की संख्या व वार्ड में पलंगों के अभाव के चलते मरीजों का जमीन पर गद्दे लगाकर इलाज किया जा रहा है। एक ओर जहां राजस्थान सरकार चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रही है तो दूसरी ओर यहां की अव्यवस्था सवाल खड़े कर रही है।
संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के हृदय रोग विभाग में रोजाना सैकड़ों की संख्या में इलाज कराने के लिए मरीज अस्पताल में पहुंचते हैं लेकिन अस्पताल के मेल वार्ड में बेड का अभाव होने के चलते मरीजों का जमीन पर इलाज किया जा रहा है। मेल वार्ड के हालात पर अगर नजर डाली जाए तो वार्ड में कोरोना का खौफ भी कमजोर पड़ गया है। सामाजिक दूरी का पालन किए बिना मरीजों का इलाज किया जा रहा है। कोरोना को खुला निमंत्रण दिया जा रहा है।
वार्ड में लगभग 24 मरीजों का इलाज बेड पर किया जा रहा है तो वही लगभग 15 मरीजों का जमीन पर गद्दे लगाकर इलाज किया जा रहा है। इलाज कराने आए मरीज के परिजनों ने बताया कि वार्ड में बेड नहीं हैं और जब डॉक्टर या नर्सिंग स्टॉफ से बेड की मांग की जाती है तो वो बेड खाली नहीं होने का हवाला देते हैं। सर्दी का मौसम है और ऐसे में गद्दे पर इलाज होने से उन्हें व मरीज को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।