विधानसभा चुनाव को लेकर शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरोही जिले की सरूपगंज पुलिस ने आई-20 कार से राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब के 43 कार्टन जब्त किए हैं। पुलिस ने कार सवार एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर फोरलेन पर सरगमाता मंदिर के सामने नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान वहां से गुजर रही आई-20 कार को रोककर तलाशी ली गई तो पीछे वाली सीट के नीचे और चादर से छिपाकर रखे राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब और बीयर के 43 कार्टन पाए गए।
शराब बरामदगी के बाद पुलिस ने चालक मूलाराम पुत्र सावलाजी रेबारी निवासी सिरोही को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी तस्कर शराब की सप्लाई करने गुजरात जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उसके खिलाफ पूर्व में भी आबूरोड रीको थाना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इस कारवाई के हेड कांस्टेबल भूरीसिंह, कांस्टेबल ईश्वरलाल, मुकेश कुमार, गेनाराम एवं निरंजनसिंह सम्मिलित रहे।