पंजाब में नशे की ओवरडोज से एक और मौत हुई है। पंजाब के गुरदासपुर में 24 वर्षीय युवा ने नशे की ओवरडोज से दम तोड़ दिया। गुरदासपुर के शहजादा नंगल के पास श्मशामघाट से एक युवक का शव मिला है। युवक की बाजू में नशे का इंजेक्शन लगा था और खून बह रहा था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गुरदासपुर शहर के मोहल्ला शहजादा नंगल में 24 वर्षीय युवक की नशे का इंजेक्शन लगाने के चलते मौत हो गई। मृतक की पहचान बंटी निवासी मोहल्ला शहजादा नंगल के रूप में हुई है। परिवारवालों ने बताया कि किसी ने सूचित किया कि श्मशानघाट में बंटी पड़ा है।
सूचना मिलने पर परिवार वाले तुरंत श्मशानघाट में पहुंचे तो देखा कि बंटी के हाथ पर नशे का इंजेक्शन लगा था और खून बह रहा था, उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया।
उन्होंने बताया कि बंटी अपने तीन से चार साथियों के साथ श्मशानघाट गया था, जहां पर नशे की ओवरडोज के कारण उसकी मौत हो गई। जबकि उसके साथी उसे वहां पर छोड़कर फरार हो गए। परिवार ने पंजाब सरकार व पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नशे पर पूरी तरह से लगाम लगाई जाए।