दिल्ली में चलती बस में छात्रा से दरिंदगी की घटना के खिलाफ अभी देश भर में गुस्सा थमा भी नहीं था कि गुरदासपुर में इस तरह का एक और मामला ने सामने आया है। बस में सवार एक विवाहिता से ड्राइवर, कंडक्टर और पांच अन्य लोगों ने गैंगरेप किया।
रात भर बंधक बनाकर रखने के बाद आरोपी शनिवार सुबह उसे सड़क पर फेंककर फरार हो गए। विवाहिता की शिकायत के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोच लिया है। दो की तलाश की जा रही है। एसएसपी का दावा है कि सभी आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।
पीड़ित महिला शुक्रवार को अपने मायके से घर लौट रही थी। गुरदासपुर के बस अड्डे पर उसके भाई ने उसे दोपहर 12 बजे एक निजी बस में बैठा दिया और खुद वापस चला गया। विवाहिता के भाई और ससुर ने पुलिस को बताया कि पीड़िता जब रात तक ससुराल नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की गई।
शनिवार सुबह गांव भट्टियां ने किसी व्यक्ति ने ससुर को फोन से सूचना दी कि विवाहिता उसके घर पहुंची है। सूचना पाकर वे तत्काल मौके पर पहुंचे। पीड़ित महिला के मुताबिक वह जिस बस में सवार हुई थी उसके बस ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बस से उतरने नहीं दिया और उसे जबरन गुरदासपुर ले गए।
ड्राइवर दलेर सिंह पुत्र रघुबीर सिंह भिट्टेविड गांव का और कंडक्टर रवि पुत्र शाना सिंह सहायपुर गांव का रहने वाला है। गुरदासपुर लाने के बाद दोनों ने महिला को मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और किसी अज्ञात जगह पहले किसी घर और बाद में खेत में बने एक ट्यूबवेल पर ले गए। इसके बाद पांच और लोग वहां आ गए।
सभी ने रात भर महिला के साथ गैंगरेप किया। आरोपी सुबह पीड़िता को ससुराल के पास के गांव के बाहर बस से फेंककर भाग गए। गुरदासपुर के एसएसपी राजजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता ने काहनूवान थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी खुद थाने पहुंचे और पीड़िता का बयान कलमबंद करने के बाद सात लोगों के खिलाफ धारा 376 के तहत मामला दर्जकर लिया।
पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ड्राइवर और कंडक्टर के अलावा जिन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है उनमें जसविंदर सिंह उर्फ सन्नी निवासी लाधूपुर, जगप्रीत सिंह उर्फ राजू और सतनाम सिंह जस्सा निवासी जागोवाल बांगर शामिल हैं।