अमृतसर में छह किलो हेरोइन बरामद
- फोटो : संवाद
अमृतसर में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई छह किलो से ज्यादा हेरोइन की खेप पुलिस ने बरामद की है। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल छह किलो सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। एक मामले में पुलिस ने बाइक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में खेतों में ड्रोन के जरिए गिराया गया हेरोइन का पैकेट बरामद किया गया।
पहली कार्रवाई लोपोके थाना क्षेत्र में हुई। एएसआई जगदीप सिंह पुलिस टीम और बीएसएफ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ पुल नहर सिधवां पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आ रहे लख्खा खत्री और विश्वदेव सिंह को रोककर तलाशी ली गई। उनके कब्जे से 4 किलो 992 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों की बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
दूसरी कार्रवाई घरिंडा थाना क्षेत्र के गांव ढोडीविंड में की गई। पुलिस को खेतों में ड्रोन के माध्यम से एक पैकेट गिराए जाने की सूचना मिली थी। एसआई राजबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पैकेट की जांच की। ड्रग किट से जांच करने पर उसमें से एक किलो 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा एक ड्रोन भी बरामद हुआ है।
वहीं, थाना जंडियाला पुलिस ने एक आरोपी लवकरण सिंह निवासी तरनतारन को गिरफ्तार कर एक ग्लाक पिस्तौल, कारतूस और मैगजीन बरामद किया है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देनें के लिए जा रहा था। फिलहाल इसके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।