बरनाला-मोगा रोड पर स्थित गांव डाला के पास बुधवार तड़के एक इनोवा गाड़ी पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में एक ट्रेनी आईएएस अधिकारी की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।
गाड़ी का चालक भी घायल हुआ है। गाड़ी में लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी आफ एडमिनिस्ट्रेेशन मसूरी में ट्रेनिंग ले रहे चार आईएएस अधिकारी सवार थे। सभी भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत पंजाब भ्रमण पर थे। घायलों को पहले मोगा के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया फिर लुधियाना के डीएमसी रेफर कर दिया गया। मृतक ट्रेनी आईएएस अधिकारी निशांत कुमार बिहार निवासी था। घायलों में कानपुर के हर्ष दीक्षित, अजित कुमार (बिहार) और शशिरंजन (रांची) हैं। घायल ड्राइवर राजकुमार जालंधर का है।
जानकारी के अनुसार ट्रेनी आईएएस अधिकारियों की 25 सदस्यीय टीम मोगा जिले के विभिन्न गांवों में बीते सोमवार से ट्रेनिंग पर आई हुई है। जिले की सब डिवीजन निहाल सिंह वाला के गांव तख्तूपुरा में सोमवार से निशांत कुमार, अजीत कुमार, हर्ष दीक्षित और शशि रंजन रुके हुए थे। मंगलवार की देर शाम को वे मोगा से जालंधर रवाना हुए थे। वहां से आधी रात को आयकर विभाग की इनोवा गाड़ी से सभी मोगा के लिए रवाना हुए थे। गाड़ी राजकुमार चला रहा था। मोगा के पास गांव डाला पहुंचने पर इनोवा चालक गाड़ी पर संतुलन खो बैठा और गाड़ी बेकाबू होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। इस घटना में इनोवा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही मोगा व बधनी कलां से एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। घायल निशांत कुमार की अस्पताल में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अजीत को लुधियाना रेफर कर दिया गया। शशि रंजन, हर्ष दीक्षित और चालक राजकुमार को भी बाद में लुधिायाना भेज दिया गया। वहां डीएमसी में उन्हें भर्ती कराया गया है। उधर, ड्राइवर राजकुमार ने बताया कि गाड़ी को गंभीर रूप से घायल ट्रेनी आईएएस अजीत कुमार चला रहे थे और वह पिछली सीट पर बैठा था।