संगरूर में सवा साल से जाली करेंसी की सप्लाई का गोरखधंधा करने वाले तीन व्यक्तियों को मालेरकोटला पुलिस ने काबू किया है और उनसे ढाई लाख रुपये की जाली करेंसी बरामद की गई है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी संगरूर में मामला दर्ज किया गया है।
पकड़े गए व्यक्ति करीब 25 लाख रुपये की जाली करेंसी मार्केट में सप्लाई कर चुके हैं।
एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ू ने बताया कि थाना सिटी-एक मालेरकोटला के इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ मालेरकोटला में नाकाबंदी कर जांच कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने शक होने पर तलाशी के दौरान गुरदित सिंह पुत्र रतन सिंह, राजीव कुमार पुत्र रमेश कुमार निवासी लाडबंजारा, कृष्ण चंद पुत्र करोड़ी मल निवासी ब्रह्मपुरा से दो लाख 52 हजार रुपये की जाली करेंसी बरामद की। जाली करेंसी में एक हजार रुपये के अस्सी नोट और पांच सौ के 344 नोट हैं। आरोपियों से दो मोटरसाइकिल भी मिली है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी संगरूर में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वह पिछले सवा साल से जाली करेंसी सप्लाई करने का धंधा करते आ रहे हैं और करीब 25 लाख रुपये की जाली करेंसी मार्केट में सप्लाई कर चुके हैं।
यह करेंसी बिहार से चंदन मंडल नाम का व्यक्ति जिला पटियाला के कस्बा पातड़ा या गांव लाडबंजारा में देकर जाता था।
आरोपियों ने बताया कि चंदन मंडल 70 हजार रुपये के बदले एक लाख रुपये की जाली करेंसी देता था। आरोपियों ने राम सिंह निवासी संगरूर और जिम्मी पटियाला नाम के व्यक्तियों को भी जाली करेंसी देने की बात कबूली है, जो अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
एसएसपी सिद्धू ने बताया कि आरोपी कृष्ण चंद निवासी ब्रह्मपुरा, राजीव निवासी लाडबंजारा का रिश्तेदारी में फूफा लगता है।
आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल करके पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह, हवलदार जसवीर सिंह और सिपाही कुलविंदर सिंह को प्रशंसा पत्र दर्जा पहला सहित योग्य नकद राशि देने के लिए आईजी जोन पटियाला को सिफारिश की जा रही है।
इस मौके पर एसपी (डी) परमजीत सिंह गोराया, एसपी मालेरकोटला जसविंदर सिंह, डीएसपी मालेरकोटला विलीयम जेजी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।