पंजाब, फिरोजपुर में ससुराल वालों ने दहेज की खातिर बहू से मारपीट कर उसका जबरन गर्भपात करवा दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना जलालाबाद की बाग कालोनी में घटी। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दिल्ली व राजस्थान रवाना हुई है।
पीड़िता सवि ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 2012 में उसकी शादी बाग कालोनी निवासी अश्विनी सिडाना के पुत्र सुमित सिडाना से हुई थी।
विवाह में उसके परिवार ने जरूरत के मुताबिक सभी सामान दिया था। शादी के कुछ दिन बाद उसका पति सुमित, देवर तथा सास ससुर उसे और दहेज लाने के लिए तंग करने लगे।
अपना घर बसाने के लिए वह चुपचाप सब कुछ सहन करती रही। उसने बताया कि 8 फरवरी 2013 को उसके देवर की शादी में कार मिलने के बाद उसका पति तथा ससुराल परिवार ने उससे बड़ी कार की मांग करनी शुरू कर दी। कई बार उससे मारपीट भी की गई। उसने बताया कि वह गर्भवती थी।
उसके ससुराल परिवार वाले उसे बठिंडा स्थित एक क्लीनिक में ले गए जहां पर उससे खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाने के बाद जबरन उसका 2 महीने का गर्भपात करवा दिया।
उसके बाद उसके पति ने अपने परिवार वालों के साथ मिलकर उससे मारपीट करते हुए उसे घर से निकाल दिया। उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष की मांग को देखते हुए उन्हें दस लाख रुपये दे दिए। कुछ दिन घर का माहौल ठीक रहा। उसके बाद फिर से दहेज की मांग करने लगे।
मायके से कुछ नहीं मिलने पर उसे दोबारा घर से निकाल दिया। सवि ने पुलिस को बताया कि उसके पति के संबंध एक युवती के साथ हैं और उससे शादी करना चाहता है।
उधर, थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पीड़ित युवती सवि के बयान पर पति सुमित सिडाना, ससुर अश्विनी सिडाना, सास रंजू सिडाना, ओम प्रकाश मक्कड़ निवासी सिरसा तथा देवर शिवम कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।