विशालकाय हनुमान जी को राखी बांधने की बहनों की इच्छा पूरी नहीं हो पाई। बात हो रही है चंडीगढ़ में सेक्टर-40 स्थित हनुमंत धाम में 32 फुट के हनुमान जी की।
इनकी प्रतिमा को राखी बांधने की भक्तों की इच्छा मंगलवार को अधूरी रह गई। निर्माण कार्य के चलते निर्धारित स्थान तक क्रेन नहीं पहुंच पाई।
महिला सुंदरकांड सभा की अध्यक्ष नीना तिवारी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने दोपहर करीब तीन बजे दो लोगों को बुलाया और उनके माध्यम से हनुमान जी को राखी बंधवाई।
हर साल महिलाएं बड़े हनुमान जी को राखी बांधती आ रही हैं। इस बार मंदिर में छोटे हनुमान जी को राखी बांधी गई। महिला सुंदर कांड सभा की ओर से यह कार्यक्रम किया गया था। नीना तिवारी ने बताया कि महिलाओं ने हनुमान जी को ईको फ्रेंडली राखी बांधी है।
महिलाएं इन राखियों को 10 दिनों से तैयार कर रही थीं। राखी बांधने से पहले भगवान की आरती उतारी गई। इस अवसर पर रंजू ग्रोवर, प्रेमलता, मीना गुप्ता, पाल शर्मा, सुदर्शन शर्मा, पुष्पा, सुमन ठक्कर, शिंगारनी देवी, दर्शना देवी, सुशीला कोसर, संतोष सिंगला आदि मौजूद थीं।