पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निलंबित की गई ग्रेटर नोएडा की एसडीएम आईएएस दुर्गा शक्ति नागपाल को पंजाब वापस आने की पेशकश की है।
नागपाल पंजाब कैडर की 2010 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और 2011 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह के साथ शादी होने के कारण वह यूपी कैडर में चली गई थीं। दुर्गा ने ट्रेनिंग के दौरान मोहाली जिले में काम किया है।
मंगलवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि उनको अभी दुर्गा शक्ति नागपाल के बारे में पूरे प्रशासनिक तथ्यों की जानकारी नहीं है लेकिन वे पंजाब कैडर की अधिकारी थीं और यदि वे वापस पंजाब आना चाहें तो पंजाब सरकार स्वागत करेगी।
उधर, पंजाब आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वेश कौशल ने अपनी फेसबुक पर दुर्गा शक्ति नागपाल का समर्थन किया है।
कौशल ने कहा कि एक युवा अधिकारी से यदि कोई गलती हो भी जाए तो वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि उनको सलाह दी जाए और तजुर्बे के आधार पर उनका मार्गदर्शन किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई गलती हो भी तब भी निलंबन किसी भी तरीके से वाजिब नहीं कहा जा सकता।