शताब्दी एक्सप्रेस से नई दिल्ली तक जाना वीरवार से महंगा हो जाएगा। एक माह में दूसरी बार शताब्दी के किराए में बढ़ोतरी हो रही है।
वीरवार से शताब्दी, राजधानी और दूरंतो ट्रेनों के कैटरिंग चार्जेस में बढ़ोतरी होने के कारण चंडीगढ़ से नई दिल्ली तक शताब्दी एक्सप्रेस में जाना महंगा हो जाएगा।
केटरिंग चार्जेस बढ़ने और मेन्यू में संशोधन होने से चंडीगढ़ से नई दिल्ली का शताब्दी का किराया 30 से 45 रुपये तक बढ़ जाएगा। इससे पहले 7 अक्तूबर से ट्रेन का किराया बढ़ा था।
सुबह की शताब्दी में एसी चेयरकार का किराया 30 रुपये और दोपहर व शाम को नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी का एसी चेयरकार के किराए में 45 रुपये की बढ़ोतरी होगी। जिन यात्रियों ने पहले टिकट आरक्षित कराई है, उनसे ट्रेन में बढ़ा हुआ किराया वसूल किया जाएगा।
चंडीगढ़ से सुबह जाने वाली शताब्दी में मार्निंग टी और ब्रेकफास्ट मिलता है। एसी चेयरकार में अभी केटरिंग चार्जेस 55 रुपये हैं। वीरवार से केटरिंग चार्जेस बढ़कर 85 रुपये हो जाएंगे।
इससे मार्निंग शताब्दी का किराया 515 रुपये से बढ़कर 545 रुपये हो जाएगा। एक्जीक्यूटिव क्लास के केटरिंग चार्जेस 83 रुपये से बढ़कर 105 रुपये हो जाएंगे।
ऐसे में नई दिल्ली तक का किराया 1055 रुपये से बढ़कर 1080 रुपये हो जाएगा। दोपहर की शताब्दी में एसी चेयर कार अभी केटरिंग चार्जेस 83 रुपये हैं। वीरवार से केटरिंग चार्जेस बढ़कर 125 रुपये हो जाएंगे।
ऐसे में दोपहर की शताब्दी का किराया 545 रुपये से बढ़कर 590 रुपये हो जाएगा। एक्जीक्यूटिव क्लास में केटरिंग चार्जेस 124 रुपये से बढ़कर 145 रुपये हो जाएंगे।
केटरिंग चार्जेस बढ़ने से शताब्दी की टिकट 1100 रुपये से बढ़कर 1120 रुपये हो जाएगी। शाम को चंडीगढ़ से नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी में पहले चाय दी जाती है और उसके बाद डिनर।
एसी चेयरकार में अभी केटरिंग चार्जेस 124 रुपये हैं। यह बढ़कर 170 रुपये हो जाएंगे। ऐसे में वीरवार से शाम की शताब्दी की टिकट 590 रुपये से बढ़कर 635 रुपये हो जाएगी।
एक्जीक्यूटिव क्लास में अभी केटरिंग चार्जेस 186 रुपये है। यह बढ़कर 190 रुपये हो जाएंगे। एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1165 से बढ़कर 1170 हो जाएगा।