पंजाब पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती करवाने के नाम पर बीएसएफ के एक पूर्व कर्मचारी और उसके रिश्तेदार से साढ़े सात लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पंजाब पुलिस विभाग में नौकरी पाने के लिए बीएसएफ कर्मचारी ने अपनी जॉब छोड़ दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले करनैल सिंह ने एसएसपी कपूरथला को दी शिकायत में बताया था कि वह बीएसएफ में सिपाही था। उसके रिश्तेदार गांव दुबुर्जी निवासी राजकुमार ने उसे झांसा दिया था कि पंजाब पुलिस में सीधी भर्ती हो रही है। यदि वह थोड़ा खर्चा कर देगा तो बीएसएफ से प्री मेच्योर रिटायरमेंट लेने के अगले दिन ही वह उसे पंजाब पुलिस में भर्ती करवा देगा। करनैल ने 31 मार्च 2013 को बीएसएफ से स्वैच्छिक इस्तीफा दे दिया। करनैल सिंह और उसके रिश्तेदार हरभजन सिंह ने राजकुमार से साढ़े सात लाख रुपये में सौदा तय किया।
उसने राजकुमार को तीन लाख बीस हजार रुपये दो गवाहों के सामने दिए। पैसे लेने के बाद राजकुमार ने उसे भरोसा दिया कि वह अब सीनियर अधिकारियों से बात करके उसकी फाइल तैयार करवा देगा। बाकी पैसे 4-5 महीनों में देने तय हुए। 1 अक्तूबर 2013 को करनैल सिंह ने चार लाख 30 हजार रुपये की रकम गवाहों के सामने राजकुमार को दी। इसके बावजूद जब आरोपी ने करनैल सिंह व उसके रिश्तेदार हरभजन सिंह के बेटे को पुलिस विभाग में भर्ती नहीं करवाया तो उन्होंने राजकुमार पर रकम वापसी का दबाव डाला।
इस पर राजकुमार ने सात लाख 50 हजार रुपये का एक चेक उसे दिया, जो बाउंस हो गया। इस पर करनैल सिंह ने एसएसपी को शिकायत दी। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।