संगरूर। विजिलेंस विभाग की टीम ने एक पटवारी को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
विजिलेंस विभाग के डीएसपी दविंदर सिंह ने बताया कि जगतार सिंह पुत्र कर्म सिंह निवासी हरिगढ़ गेहलां (मूनक) ने विभाग के पास शिकायत की थी कि उसे जमीन की गिरदावरी अपने नाम करवानी थी। इसके लिए उससे क्षेत्र के पटवारी जसपाल सिंह ने पंद्रह हजार रुपये की मांग की। शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर मलकीत सिंह ने अपनी टीम के साथ छापामारी करके पटवारी जसपाल सिंह को दस हजार रुपये रिश्वत लेते काबू कर लिया। एसडीओ भूमि और जल विभाग के एसडीओ जसपाल सिंह और खेतीबाड़ी विभाग सुनाम के सब इंस्पेक्टर अवतार सिंह की उपस्थिति में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।