पंजाबी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. जसपाल सिंह ने कहा कि वाट्सऐप और फेसबुक जैसी सोशल साइट्स का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल नौजवानों और बच्चों की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। न तो वह खेल मैदान में जाते हैं और न ही कोई कसरत करते हैं।
वह यूनिवर्सिटी के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से शारीरिक शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में वैज्ञानिक सभ्याचार विषय पर कला भवन में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर वीसी ने खेलों और कला के क्षेत्र में नाम कमाने वाली विभिन्न शख्सियतों को सम्मानित किया।
इन शख्सियतों में कलाकार निर्मल ऋषि, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता बाक्सिंग कोच गुरबख्श सिंह संधू, एथलेटिक्स कोच जोगिंदर सिंह सैनी, हॉकी ओलंपियन सुखबीर ग्रेवाल, बास्केटबॉल ओलंपियन डॉ. त्रिलोक सिंह संधू, ब्रिगेडियर लाभ सिंह, डॉ. एके उप्पल पूर्व वीसी एलएनसीपीई ग्वालियर, एमएल कमलेश, डॉ. अविनाश कौर सिद्धू, डॉ. के वेंकटेश्वन, पीयू के डायरेक्टर स्पोर्ट्स डॉ. राजकुमार शर्मा शामिल रहे।
इस मौके पर पिछली कांफ्रेंस में हुई गतिविधियों संबंधी एक ई बुक भी जारी की गई। इस दौरान अर्जुन पुरस्कार विजेता व ओलंपियन बाक्सर अखिल कुमार, हिमालय की चोटी फतेह करने वाले पर्वतारोही गौरव शर्मा, विक्रांत गुप्ता और विभाग प्रमुख डॉ. निशान सिंह दियोल मौजूद रहे।