स्थानीय ग्रीन व्यू कालोनी में वीरवार को एक सरकारी कोठी की दीवार गिरने के
कारण एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका नाना गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा
उस समय हुआ, जब एक टेलीकाम कंपनी का मुलाजिम तारें ठीक करने के लिए दीवार
पर चढ़ा। इस हादसे में टेलीकाम मुलाजिम के भी कुछ चोटें लगी हैं। संबंधित
सिविल लाइन थाने से मामले के जांच अधिकारी एएसआई सरवन सिंह ने बताया कि 21
नंबर रेलवे फाटक के नजदीक ग्रीन व्यू कालोनी में सरकारी कोठी 28-डी में
वीरवार बाद दोपहर सरकारी टेलीकाम कंपनी के मुलाजिम तारें ठीक करने के लिए
पहुंचे हुए थे।
यह कोठी एडवोकेट सतिंदरपाल सिंह को अलाट है। इस
दौरान जब तार ठीक करने पर दीवार पर एक मुलाजिम चढ़ने लगा, तो दीवार गिर गई।
जिस समय दीवार गिरी, उस समय दूसरी तरफ एक बुजुर्ग अपने दोहते के साथ दीवार
के पास ही खेल रहा था। बच्चा दीवार के नीचे दब गया। उसकी मौके पर ही मौत
हो गई, जबकि बच्चे के बुजुर्ग नाना की टांगों पर गंभीर चोटें आई हैं।
दोनों
को तुरंत राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया, जहां बच्चे को डाक्टरों ने मृत
घोषित कर दिया। मृतक बच्चे की पहचान साढे़ तीन साल के राकेश पुत्र युवराज
के तौर पर हुई है और उसका नाना का नाम राजत राम (70) है। ये लोग मूल रूप से
यूपी के गांव सीसम थाना कडैल गंज जिला गोंडा के रहने वाले हैं। यहां पर यह
लोग ग्रीन व्यू कालोनी में सरकारी कोठियों के साथ बने क्वार्टरों में रहते
थे और कोठियों में काम करते थे। पुलिस के मुताबिक हादसा अचानक हुआ और
इसमें किसी की कोई गलती नहीं है इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है।