मुल्तानी मल मोदी कालेज के छात्र विश्वजीत सिंह ने महाराष्ट्र में संपन्न नेशनल साइक्लिंग चैंपियनशिप-2021 में नया नेशनल रिकार्ड बनाते हुए पंजाब के साथ-साथ अपने कालेज का नाम भी रोशन कर दिया है। अपने शानदार प्रदर्शन से उन्होंने न केवल सीनियर 49वीं जूनियर और 35वीं सब जूनियर चैंपियनशिप जीतीं, बल्कि 72वीं सीनियर चैंपियनशिप में सबसे बेहतर साइकिलिस्ट का खिताब भी अपनी झोली में डाला।
कालेज प्रिंसिपल डा. खुशविंदर कुमार ने इस मौके पर विश्वजीत सिंह और कालेज के खेल विभाग को बधाई देते हुए कहा कि मोदी कालेज अपने स्टूडेंट्स को हर तरह के मौके व सुविधाएं देने के लिए वचनबद्ध हैं, ताकि स्टूडेंट्स इनका लाभ लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने स्टूडेंट्स की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए डा. हरनीत सिंह और प्रोफेसर मनदीप कौर की सराहना की। इस मौके पर कालेज के डीन स्पोर्ट्स डॉ. निशान सिंह ने बताया कि विश्वजीत सिंह कालेज में बीए भाग दूसरा का स्टूडेंट हैं। उन्होंने महाराष्ट्र में पांच मार्च से आठ मार्च 2021 तक आयोजित हुई 25वीं नेशनल साइक्लिंग चैंपियनशिप में दो गोल्ड मेडल, जिसमें से एक 80 किलोमीटर स्क्रैच रेस (अंडर-18) में और दूसरा 40 किलोमीटर टाइम ट्रेल (सीनियर) में हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने नया नेशनल रिकार्ड बनाते हुए तीन किलोमीटर (अंडर-18) के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 20 किलोमीटर प्वाइंट रेस में भी गोल्ड मेडल जीता। इसके अलावा उन्होंने हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी में 27 मार्च से 31 मार्च तक कराए गए चार किलोमीटर (अंडर 18) के 72वें ट्रैक नेशनल साइक्लिंग चैंपियनशिप 2021 में भी सिल्वर मेडल जीता है।