संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। लुधियाना पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा छात्र संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल वीरवार को 15वें दिन भी जारी रही। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सालय में अपना शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
संघ ने मरीजों की देखभाल में किसी भी तरह की बाधा पहुंचाए बिना अपना आंदोलन जारी रखा। संघ ने उम्मीद जताई कि मौजूदा समस्याओं का जल्द ही समाधान हो जाएगा। संघ के प्रतिनिधियों ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की जिन्होंने छात्रों की मांगों को ध्यान से सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी चिंताओं का जल्द ही समाधान किया जाएगा। छात्रों के चल रहे विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल छात्रों से मिलने उनके पास पहुंचे।
यूनियन की मुख्य मांग इंटर्न का भत्ता 15,000 से बढ़ाकर 24,310 रुपये करने की है। यूनियन ने यह भी बताया कि वज़ीफ़े का खर्च विश्वविद्यालय और आईसीएआर वहन करते हैं, जबकि पंजाब सरकार कोई योगदान नहीं देती। उधर पीएयू में कृषि छात्र संघ का धरना 16वें दिन भी जारी रहा। वीरवार को विश्वविद्यालय पेंशनर संघ के अध्यक्ष डीपी मौड़ अपने साथियों के साथ छात्रों का समर्थन करने पहुंचे।