लोगों को डरा-धमकाकर लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पांच लाख के गहनों समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जसवंत सिंह उर्फ गोल्डी निवासी जालंधर और मनप्रीत सिंह उर्फ लाडी निवासी शहीद बाबा दीप सिंह नगर पटियाला के तौर पर हुई है। जसवंत सिंह से एक पिस्तौल 32 बोर समेत दो कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी पटियाला जेल में मिले थे। दोनों ने बाहर आकर स्नेचिंग शुरू कर दी। साल 2018 से अब तक यह दोनों आरोपी जिले में करीब 24 वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
एसएसपी विक्रमजीत दुग्गल ने बताया कि पुलिस पार्टी ने गुप्त सूचना के आधार पर चौरा-घन्नौर रोड नजदीक बाईपास पुल पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी बीच घन्नौर की तरफ से आ रहे बाइक सवारों को संदेह के आधार पर रोका गया। उनकी पहचान उक्त तस्करों के तौर पर की गई। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर पटियाला में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी जसवंत सिंह गोल्डी ने बताया कि पटियाला पुलिस की ओर से 2013 में भी उसे उसके दो अन्य साथियों प्रभदीप सिंह मोंटी और मनप्रीत सिंह उर्फ हनी समेत गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने पंजाब के अलग-अलग शहरों में 30 वारदातें की थीं। पटियाला जेल में सजा काटने के दौरान जसवंत सिंह गोल्डी की मुलाकात वहां बंद मनप्रीत सिंह उर्फ लाडी से हुई। वो वहां अपहरण और दुष्कर्म के केस में बंद था। दोनों ने जेल से बाहर आने के बाद मिलकर पटियाला में वारदातें करना शुरू कर दिया।