गांव बदनपुर में शराब के ठेके पर आए कुछ लोगों ने कारिंदे से मुफ्त शराब मांगी। मना करने पर कारिंदे को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। बुरी तरह से झुलसे ठेके के कारिंदे को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल अस्पताल में दाखिल ठेके के कारिंदे मुनीष (25) पुत्र रूप लाल निवासी बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) ने बताया कि वह शुक्रवार रात बदनपुर के शराब के ठेके पर बैठा था। इसी दौरान एक बोलेरो में सवार कुछ लोग ठेके पर आए और उससे मुफ्त में शराब मांगने लगे।
जब उसने इंकार कर दिया तो वह लोग गुस्से में आ गए और उन्होंने शराब के ठेके में जबरी घुस कर वहां पर रखी शराब की बोतलें उठा ली। उनमें से एक ने बोतल को खोला और उसमें भरी शराब उसके शरीर पर छिड़क कर उसे और शराब के ठेके को गैस लाइटर से आग लगा दी।
इसके बाद वह लोग शराब के साथ-साथ वहां पर रखे गोलक में से करीब 2500 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बुरी तरह से झुलसे मुनीष ने शोर मचाया तो आस-पास के लोगों ने मुश्किल से आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही ठेकेदार गिन्नी सेखों मौके पर पहुंचा और मुनीष को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया।
गिन्नी सेखों ने बताया कि मुनीष के मुताबिक जिस सफेद रंग की बोलेरो में आरोपी सवार होकर आए थे, उसका नंबर वह नहीं पढ़ सका। लेकिन उनकी नंबर प्लेट पर लाल अक्षरों में कुछ अंकित किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि शराब के ठेके के जलने से उसका करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हो गया है। सदर थाना पुलिस के एएसआई हरी पाल सिंह ने बताया कि वह मामले की जांच कर रहे हैं।