मृत बच्ची जसमीन कौर की फाइल फोटो।
- फोटो : PATIALA
पटियाला। समाना के गांव तरखानमाजरा में सोमवार को तीन साल की एक बच्ची को कुत्तों ने नोच डाला। इससे बच्ची की मौत हो गई। गांव निवासियों ने पंजाब सरकार से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद देने और लावारिस कुत्तों पर नकेल कसने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक गांव तरखानमाजरा की रहने वाली जसमीन कौर (तीन साल) के पिता गुरमीत सिंह मिस्त्री है। वह काम से बाहर गए थे।
सोमवार दोपहर को जसमीन कौर अपनी बड़ी बहन सिमरप्रीत कौर और दो अन्य बच्चों के साथ अपनी दादी से मिलने खेत पर जा रही थी। इसी बीच रास्तें में कुछ कुत्ते आ गए। इन कुत्तों को देखकर बाकी बच्चे मौके से भाग गए। जबकि जसमीन कौर भाग न सकी और कुत्तों ने उसे नोच कर मार डाला। बच्चों ने वापस गांव लौट कर लोगों को इसकी सूचना दी, जब तक गांव के लोग जसमीन कौर को बचाने पहुंचते, तब तक कुत्ते उसे बुरी तरह से घायल कर चुके थे। उसे तुरंत समाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर समाना पुलिस ने मामले में धारा 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की।