-मृतकों में सास-ससुर व दामाद शामिल, पंचकूला से वापस लौट रहे थे
-टायर फटने से ब्रिजा कार ने दूसरी साइड पर जाकर गाड़ी को मारी टक्कर
-पटियाला-राजपुरा रोड पर बहादुरगढ़ के पास हुआ हादसा
-
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला-राजपुरा रोड पर कस्बा बहादुरगढ़ के पास वीरवार को एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार हरियाणा के रहने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में सास-ससुर व इनका दामाद शामिल हैं, जबकि हादसे में एक अन्य कार सवार तीन लोग गंभीर घायल हुए हैं। घायलों को सरकारी राजिंदरा अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक वीरवार दोपहर राजपुरा की तरफ जा रही ब्रेजा कार का अचानक बहादुरगढ़ कस्बे के नजदीक टायर फट गया। इससे ब्रेजा कार चालक ने संतुलन खोया और दूसरी साइड पर जाकर पटियाला की तरफ आ रही एक अन्य कार में टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और इसमें सवार पवन कुमार, उनकी पत्नी कुसुम लता और उनके दामाद सिद्धांत बब्बर की मौके पर ही मौत हो गई। बहादुरगढ़ पुलिस के मुताबिक तीनों लोग हरियाणा के जिला सिरसा के मंडी डबवाली के रहने वाले थे और वह पंचकूला में अपनी बेटी की कोठी के मुहूर्त प्रोग्राम में हिस्सा लेने के बाद वापस लौट रहे थे। हादसे में ब्रेजा कार सवार महकप्रीत कौर (18), नवनीत कौर (14) दोनों निवासी भादसों जिला पटियाला और सुखचैन सिंह निवासी नाभा बुरी तरह से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक ब्रेजा कार को महकप्रीत कौर चला रही थी।