केंद्रीय जेल पटियाला में पत्रकार कंवर संधू और बलवंत सिंह राजोआणा के बीच हुए झगडे़ के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री की ओर से राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) द्वारा मामले की जांच के आदेश जारी किए जाने के बाद सोमवार को एडीजीपी जेल आरपी मीना, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) जेएस संधू, डीआई जी जेल एलएस जाखड़, डीआई जी पटियाला बलकार सिंह सिद्धू डिप्टी कमिश्नर वरुण रूजम एसएसपी पटियाला गुरमीत सिंह चौहान व अन्य प्रशासिनक अधिकारियों ने जेल में जाकर मौके की जांच की।
जानकारी के अनुसार इन अधिकारियों ने झगडे़ के समय मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की। इस मामले में जेल प्रशासन द्वारा हेड वार्डन मनी सिंह, वार्डन गुरदीप सिंह सहित सहायक सुपरिंटेंडेंट जगमेल सिंह को निलंबित किया जा चुका है। आज पहुंची टीम ने जेल में लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला है। करीब 50 मिनट तक जांच जारी रही। जाते जाते सभी उच्चाधिकारी नो कमेंट कह कर चले गए।
गौरतलब है कि शनिवार को राजोआणा के साथ मुलाकात करने आई उसकी बहन व उसका पति के साथ पत्रकार कंवर संधू और कैट पिंक्की राजोआणा तक पहुंच गए थे। बातचीत के दौरान दोनो में हाथापाई हो गई।
जेल में लगे कैमरे की फुटेज जिसमें राजोआणा को मिलने के बाद कंवर संधू अपनी पगड़ी हाथ में पकड़कर जेल सुपरिंटेंडेंट के कमरे में जाते हुए नजर आए और फिर बाद में जेल के मेन गेट में निकलने की वीडियो फुटेज लीक होना जेल प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेल प्रशासन पुलिस में मामला दर्ज करवाएगा।