कंधवाला रोड से गुजरती दौलतपुरा माइनर में मंगलवार रात करीब 2 बजे कटाव आने से कई एकड़ नरमे व सब्जियों की फसल तबाह हो गई। नहर टूटने की सूचना मिलते ही नहरी विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कटाव को बांधने का कार्य शुरू कराया। पीड़ित किसानों ने सरकार से खराब हुई फसलों के लिए मुआवजे की मांग की है।
सब्जी उत्पादक किसान लालचंद ने बताया कि रात को अचानक नहर में करीब 15 फुट कटाव आ गया और पानी का तेज बहाव उनकी ढाणी तक आ पहुंचा। पानी के बहाव से करीब नौ एकड़ सब्जियों की बेलें और पौधे आदि पूरी तरह से खत्म हो गए।
इसके अलावा ढाणी जामनियां निवासी अनूप सिंह ने बताया कि नहर का पानी आने से करीब एक किले में बीजी गई धान की पनीरी तथा नरमा आदि पूरी तरह से तबाह हो गया। गौरीशंकर की सब्जियां व नरमा पूरी तरह से जलमग्न हो गया।
नहर टूटने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे नहरी विभाग के बेलदार दर्शन सिंह, रमेश कुमार व चंबाराम ने बताया कि नहर का बहाव बंद करवा दिया गया है।
कटाव को बांधने का कार्य शुरू कर दिया गया। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बरसात के कारण किसानों ने सिंचाई के लिए नहरी पानी का प्रयोग न करते हुए मोघे बंद कर दिए इसीलिए नहर में पानी का धनत्व अधिक होने के कारण यह कटाव आ गया।