अमृतसर। शहर के हाथी गेट इलाके में एक जूता व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह दुकान खुलने पर व्यापारी का शव कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए मिले जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान यशपाल के रूप में हुई है, जो लंबे समय से हाथी गेट क्षेत्र में जूतों का कारोबार करता था। वह दुकान के ऊपर बने कमरे में ही रहता था, जबकि उसका परिवार इस्लामाबाद इलाके में निवास करता है। जानकारी के अनुसार सुबह जब दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी पहुंचे और दरवाजा खोला तो यशपाल को कमरे में बेसुध पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसके हाथ-पैर बंधे होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए। आसपास के क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।