रविवार को पटियाला में मोबाइल टावर पर चढ़े ईटीटी टेट पास बेरोजगार अध्यापक हाथ में पेट्रोल की बोतल
- फोटो : PATIALA
ईटीटी टेट पास दो बेरोजगार अध्यापक हरजीत मानसा और सुरिंदरपाल गुरदासपुर रविवार तड़के लीला भवन स्थित बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर पेट्रोल की बोतलें लेकर चढ़ गए। बेरोजगारों ने पंजाब सरकार द्वारा विज्ञापित 2364 ईटीटी अध्यापकों के पदों पर भर्ती में बीएड और शिक्षा प्रोवाइडरों को मौका देने का विरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें न मानी गईं तो जो भी नुकसान होगा उसकी जिम्मेदारी पंजाब सरकार व प्रशासन की होगी।
बेरोजगार अध्यापकों ने कहा कि जब भी प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद बेरोजगार अध्यापकों की सरकार के साथ बैठकें हुईं, वे बेनतीजा ही रहीं। मजबूर होकर उन्हेें टावरों पर चढ़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि पहले सात महीने संगरूर में शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर पक्का धरना लगाकर संघर्ष किया गया। तब जाकर 2364 पदों पर भर्ती का विज्ञापन निकाला गया। अब भर्ती हो रही है तो ईटीटी अध्यापकों के पदों पर बीएड व शिक्षा प्रोवाइडरों को क्यों मौका दिया जा रहा है। यह ईटीटी टेट पास बेरोजगार अध्यापकों के साथ अन्याय है। इसे किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि 10 हजार ईटीटी अध्यापकों के पदों की नई भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाए। साथ ही शिक्षा प्रोवाइडरों व वालंटियरों को दिए गए अतिरिक्त अंकों की शर्त हटाई जाए। उच्च योग्यता के नंबरों की शर्त हटाई जाए और आयु सीमा में छूट दी जाए।