शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने वारिस पंजाब दे पर निशाना साधते हुए उसे ‘वायरस’ पार्टी बताया।
विज्ञापन
घनौर में ‘पंजाब बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इस संगठन का एकमात्र एजेंडा सिख वोटों को बांटना और शिअद को कमजोर करना है। उन्होंने पंजाबियों से शांति और भाईचारा कायम करने के लिए अकाली दल के बैनर तले एकजुट होने की अपील की।
बादल ने कहा कि रखड़ पुण्या के दौरान बाबा बकाला में वारिस पंजाब दे के मंच से अकाली दल और बादल परिवार को खत्म करना ही मकसद बताया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन से जुड़े लोग पहले आम आदमी पार्टी के मंचों पर नजर आते थे और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनकी रैली के लिए पीआरटीसी की बसें भेजीं।
बादल ने कहा कि आप ने पंजाब को कर्जमुक्त करने का वादा किया था लेकिन राज्य का कर्ज बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विज्ञापनों पर 6000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर चुकी है। उन्होंने तंज कसा कि अब ट्रांसफार्मर लगाने के लिए भी नींव पत्थर रखे जाने पर हैरानी नहीं होनी चाहिए।