सरकारी महिंदरा कालेज में स्टूडेंट्स की ओर से पंजाब पुलिस और सरकार का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया गया। पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के बैनर तले दिए इस प्रदर्शन में पुलिस की बढ़ती गुंडागर्दी का विरोध किया गया।
यूनियन के स्टूडेंट लीडरों रवदीप, हरप्रीत सिंह ने कहा कि हक व सच की अगुवाई करने वाले पंजाब के लोगों को जेलों में डाला जा रहा है और गुंडा गिरोह, कातिल व नशा तस्कर पंजाब में सरेआम घूम रहे हैं। चन्नू गांव में दलित लड़की की लाश को करीब 200 मीटर तक घसीटा गया और रोष प्रदर्शन कर रहे परिवार व गांव वासियों पर अंधाधुंध फायरिंग व लाठीचार्ज किया गया।
यूनियन मांग करती है कि दोषियों के खिलाफ पर्चे दर्ज किए जाएं। साथ ही इस मौके पर काला कानून रद्द करने और यूनियन के प्रदेश प्रधान रजिंदर सिंह को बिना किसी शर्त जल्द रिहा करने की जोरदार मांग की गई।
स्टूडेंट लीडरों ने कहा कि सरकार लोगों के मुद्दों पर ध्यान देकर उनको हल करने के बजाय काले कानून लागू करके लोगों की आवाज बंद करना चाहती है। अगर सरकार ने इन सभी मुद्दों पर ध्यान देकर कोई हल न निकाला, तो स्टूडेंट्स आने वाले समय में सरकार की साजिशों का मुंह तोड़ जवाब देंगे और संघर्ष और तेज करेंगे।