पटियाला में संघर्षी योद्धाओं को पेंशन के चेक बांटने के मौके पर मौजूद कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाबी सूबा और इमरजेंसी के खिलाफ मोर्चे लगाने वाले संघर्षी योद्धाओं को बहावलपुर पैलेस में कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने महीनावार दी जाने वाली पेंशन के चेक बांटे। इस मौके पर रखड़ा ने कहा कि चाहे इमरजेंसी सारे देश में लगी थी और सारे ही देश में इसका विरोध भी किया गया, लेकिन यह पंजाब सरकार ही है, जिसने अपने राज्य व देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई लड़ने वाले योद्धाओं को बनता मान-सम्मान दिया।
उन्होंने जिला प्रशासन व सरकार के अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पंजाब के सारे संघर्षी योद्धाओं को सरकारी दफ्तरों में बनता मान दिया जाए। रखड़ा ने संघर्षी योद्धाओं की ओर से रखी गई मांग पर मौके पर ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को इन के पहचान कार्ड जारी करने के आदेश दिए।
जिले के 46 संघर्षी योद्धाओं को आज 13 लाख 48 हजार रुपये के चेक बांटने के बाद कैबिनेट मंत्री रखड़ा ने बताया कि पंजाब सरकार ने अपने बजट में सात करोड़ रुपये का अलग प्रबंध इस पेंशन के लिए किया है।
उन्होंने कहा कि आज रस्मी तौर पर चेक देने के बाद हर महीने संघर्षी योद्धाओं के बैंक अकाउंट में पेंशन की राशि आएगी। इसलिए वह संबंधित एसडीएम के पास अपने बैंक खाते की पास बुक की एक फोटो कापी जमा करवा दें।
सरकार की ओर से पंजाब और हरियाणा की जेलों में सारी पड़ताल के बाद जिले के इन 46 योद्धाओं की पहचान की गई है, लेकिन फिर भी अगर कोई योद्धा रह गया है, तो वह अपने सबूत एसडीएम दफ्तर में देकर पेंशन लगवा सकता है।