फतेहगड़ साहिब के सरहिंद शहर की अनाज मंड़ी में बरसात के दौरान भीग रही गेहूं की बोरियों को ढकते मजदूर।
- फोटो : अमर उजाला
सरहिंद शहर में बीती रात हुई हल्की बरसात और ओलावृष्टि से अनाज मंडी में खुले में पड़ी पनग्रेन की सैकड़ों बोरियां भीग गई। पहले किसी भी अधिकारी और कर्मचारी ने गेहूं को ढंकना मुनासिब नहीं समझा और अब पनग्रेन अधिकारी इसे आम नुकसान कह रहे हैं। इस मौके पर समाजसेवी बलविंदर सिंह चनारथलकलां और गुरविंदर सिंह बीड़मान ने बताया कि जब तक अधिकारी मौके पर पहुंचे तब तक काफी गेहूं भीग चुका था। अब गेहूं को बचाने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। बोरियों में पड़ा गेहूं बरसाती पानी लगने से फूल जाएगा और बोरियां फट जाएंगी। एजेंसी के इंस्पेक्टर करमजीत सिंह ने कहा कि यह बोरियां पहले ढंकी हुई थीं, लेकिन अचानक आई आंधी से तिरपालें उड़ गई और गेहूं भीग गया। डीसी कमलदीप सिंह संघा के ध्यान में यह मामला आने पर उन्होंने संबंधित विभाग को हिदायत जारी कर कार्रवाई करने की बात कही।