प्रदेश सरकार की तरफ से धान की अदायगी न होने से भड़के लहरागागा के आढ़तियों ने शुक्रवार को अपनी दुकानें बंद करके शहर में रोष मार्च निकाला और इसके बाद एसडीएम दफ्तर के समक्ष प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आढ़तियों ने एलान किया है कि 28 दिसंबर तक अपनी दुकानें बंद करके इसी तरह रोष प्रदर्शन करेंगे।
आढ़ती एसोसिएशन के प्रांतीय नेता संजय कुमार और मदन लाल ने रोष प्रदर्शन का नेतृत्व करते कहा कि प्रदेश सरकार ने धान के सीजन के दौरान चौबीस घंटे में अदायगी करने का दावा किया था। सरकार के यह दावे खोखले साबित हुए। अभी तक आढ़तियों को सरकार ने अदायगी नहीं की है।
इससे आढ़तियों में सरकार के प्रति भारी रोष है। उन्होंने कहा कि अदायगी नहीं होने की वजह से आढ़तियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान आढ़तियों ने 25 से 28 दिसंबर तक अपनी दुकानें बंद करके सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का एलान किया।
साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार ने जल्द धान की अदायगी नहीं की तो चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की कोठी का घेराव करेंगे।