पटियाला के यादवेंद्रा पब्लिक स्कूल के पांच विद्यार्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चे स्कूल से बाहर गए थे। इस दौरान उन्होंने किसी जगह पर खाना खाया हो सकता है।
पटियाला के यादवेंद्रा पब्लिक स्कूल के पांच विद्यार्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चों में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
विज्ञापन
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि फिलहाल पांच बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ अन्य विद्यार्थियों की तबीयत भी मामूली रूप से खराब हुई थी जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल में भर्ती सभी पांच बच्चे ठीक हैं।
विज्ञापन
कुछ घंटे में मांगी रिपोर्ट
डॉ. बलबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर कुछ घंटे में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। स्वास्थ्य विभाग सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहा है।
बाहर खाना खाने की भी जांच
मंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चे स्कूल से बाहर गए थे। इस दौरान उन्होंने किसी जगह पर खाना खाया हो सकता है। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि बीमारी का कारण बाहर का खाना ही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी विशेष स्थान पर खाना खाने की पुष्टि होती है तो वहां भी जांच कराई जाएगी।