सरकारी माता कौशल्या अस्पताल में टीकाकरण कराने पहुंची एक युवती की स्कूटी पार्किंग से चोरी होने के बाद हंगामा हो गया। खास बात यह रही कि आरोपी ने खुद को पुलिस कर्मी बताया और आसानी से पार्किंग में खड़ी युवती की स्कूटी चुराकर ले गया। युवती ने पार्किंग स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। फिलहाल युवती ने स्कूटी चोरी की शिकायत थाना लाहौरी गेट पुलिस को दे दी है।
पीडित युवती प्रियंका शर्मा निवासी बिशन नगर ने बताया कि वह वीरवार सुबह माता कौशल्या अस्पताल में कोविड टीका लगवाने गई थी। 10 मिनट बाद जब वह पार्किंग में स्कूटी लेने लौटी तो देखा स्कूटी वहां नहीं थी। पार्किंग स्टाफ से पूछा तो उन्होंने बताया कि स्कूटी कोई व्यक्ति खुद को पुलिस कर्मचारी बताकर ले गया है। जिसके बाद पार्किंग स्टाफ व युवती के बीच काफी बहस हुई और हंगामा हो गया। युवती का आरोप है कि पार्किंग स्टाफ की लापरवाही से उसकी स्कूटी चोरी हुई है। उधर पुलिस ने युवती की शिकायत पर अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज चेक करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। ब्यूरो